गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक,स्वच्छता एवं जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
गांधी जयंती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक,स्वच्छता एवं जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम आयोजित करने के दिए निर्देश
जिला संवाददाता एक संदेश मऊ
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती 02 अक्टूबर के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा गांधी जयंती को स्वच्छता एवं जनभागीदारी के साथ मनाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मलिन बस्ती एवं अर्बन बस्ती में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मऊ सहित अन्य नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेरों को तत्काल हटवाते हुए साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी ग्राम पंचायतों में रोस्टर के अनुसार अभी से विशेष सफाई अभियान संचालित कराने के निर्देश दिए।
गांधी जयंती के अवसर पर स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्व में ही पूर्ण करने के निर्देश दिए। नेहरू युवा केंद्र के अधिकारी को ग्रामीण स्तर पर भी दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने समस्त सरकारी कार्यालयों में निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ध्वजारोहण सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 02 अक्टूबर को सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें तथा ध्वजारोहण स्थल की साफ-सफाई पूर्व में ही सुनिश्चित कर लें। उन्होंने नई गाइडलाइन के अनुसार ध्वजारोहण से पूर्व राष्ट्रगीत तथा ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रगीत के सभी अंतरों का गायन सुनिश्चित किया जाए तथा इसका अनुपालन हर हाल में कराया जाए।
बैठक में गांधी जयंती के अवसर पर भजन-कीर्तन, स्वास्थ्य शिविर, निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों में पोस्टर, पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
वन विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने डीएफओ को कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन, पुलिस लाइन, जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल सहित अन्य प्रमुख सरकारी परिसरों एवं कार्यालयों के आसपास पौधरोपण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित कुष्ठ सेवा आश्रम, वृद्धाश्रम एवं अनाथ आश्रम आदि में जाकर वहां निवासरत लोगों के बीच मिष्ठान एवं फल वितरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य आवश्यक जनकल्याणकारी गतिविधियां भी आयोजित कराने को कहा।
उन्होंने ब्लॉक स्तर पर भी गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 02 अक्टूबर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए गांधी जयंती के कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- जलजमाव से 500 एकड़ धान की फसल तबाह: नाले की सफाई को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे किसान, सीडीओ और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
- निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों का सम्मान करे विपक्ष : मनोज राय
- राजमंगल यादव के नेतृत्व में मऊ में कांग्रेस का जोरदार धरना-प्रदर्शन
- जिला कास्ट स्क्रूटनी कमेटी की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न




