घोसी तहसील सभागार में SDM की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक: 1 अक्टूबर से संचारी और 12 अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
2 मिनट पढ़ें
घोसी तहसील सभागार में SDM की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक: 1 अक्टूबर से संचारी और 12 अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान
जिला संवाददाता एक संदेश मऊ
घोसी (मऊ)। घोसी तहसील सभागार में मंगलवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में तहसील स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को अभियान के दौरान जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दस्तक अभियान मुख्य रूप से साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से जुड़े सभी डॉक्टर, एएनएम, आशा बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर और गांव-गांव पहुंचकर लोगों—विशेषकर महिलाओं और बच्चों—को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने इस अभियान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्धारित तिथियों पर निष्ठापूर्वक कार्य कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घोसी के अधीक्षक डॉ. एच. के. पंकज ने संचारी रोग एवं दस्तक अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में प्रार्थना सभा के समय बच्चों को स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी। गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान और सेक्रेटरी के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे, जबकि नगरीय क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी (EO) के नेतृत्व में सफाई और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अवसर पर सीएचसी दोहरीघाट के अधीक्षक डॉ. फैजान, बड़राव के अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रामकुंवर यादव, बीपीएम घोसी एजाज अहमद सहित यूनिसेफ, बाल विकास, पंचायती राज और नगर विकास आदि विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
- शिक्षा जगत् में शोक की लहर: मऊ के ख्यातिलब्ध समाजसेवी व पुरस्कृत शिक्षक डॉ. रामविलास भारती का दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन
- 36 घंटे से अंधेरे में पिढ़वल: टड़ियांव सब-स्टेशन की लापरवाही से हाहाकार, पानी को तरसे ग्रामीण
- 36 घंटे से अंधेरे में पिढ़वल: टड़ियांव सब-स्टेशन की लापरवाही से हाहाकार, पानी को तरसे ग्रामीण
- इंदारा यार्ड में रेलवे मेंटेनेंस कार्य, 12 घंटे बंद रहेगा सड़क यातायात




