सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
लेखक सतीश कुमार पाण्डेय
3 मिनट पढ़ें
सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
मधुबन के दुबारी मोड़ पर आयोजित हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा रहे मौजूद
सतीश कुमार पाण्डेय मऊ
सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा नामित नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा आज मधुबन के दुबारी मोड़ पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं मनोरंजक तरीके से दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मधुबन रामविलास चौहान उपस्थित रहे।नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने अपने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन तथा हर घर जल योजना सहित विभिन्न योजनाओं के उद्देश्य एवं पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। कलाकारों ने नाटकीय प्रस्तुति के माध्यम से यह भी बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी होना जरूरी है। नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक रहने तथा पात्र होने पर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक रामविलास चौहान ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं एवं उनके लाभ की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती है। विधायक ने कहा कि नुक्कड़ नाटक लोक संवाद का प्रभावी माध्यम है। अभिनय और संवाद के जरिए कठिन विषयों को भी आमजन तक सरल भाषा में पहुंचाया जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई तथा उन्हें पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति को सराहा। आयोजन का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा। इसके अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा नामित टीम द्वारा विधानसभा क्षेत्र घोसी में भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
संबंधित खबरें
- शिक्षा जगत् में शोक की लहर: मऊ के ख्यातिलब्ध समाजसेवी व पुरस्कृत शिक्षक डॉ. रामविलास भारती का दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन
- 36 घंटे से अंधेरे में पिढ़वल: टड़ियांव सब-स्टेशन की लापरवाही से हाहाकार, पानी को तरसे ग्रामीण
- 36 घंटे से अंधेरे में पिढ़वल: टड़ियांव सब-स्टेशन की लापरवाही से हाहाकार, पानी को तरसे ग्रामीण
- इंदारा यार्ड में रेलवे मेंटेनेंस कार्य, 12 घंटे बंद रहेगा सड़क यातायात




